:
Breaking News

शिवहर में बदला प्रशासनिक मिजाज, डीएम प्रतिभा रानी ने औचक निरीक्षण से कसा अफसरों पर शिकंजा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

शिवहर। पदभार संभालते ही शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने साफ कर दिया है कि अब जिले में कामकाज पुराने ढर्रे पर नहीं चलेगा। जिले के गठन के बाद पहली बार किसी महिला अधिकारी की डीएम के रूप में तैनाती के साथ ही प्रशासनिक तेवर भी बदले-बदले नजर आ रहे हैं। लंबित योजनाओं से लेकर आम जनता से जुड़े मामलों तक—हर स्तर पर समयबद्ध और जिम्मेदार कार्यशैली पर जोर दिया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम डीएम प्रतिभा रानी ने शिवहर प्रखंड और अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मियों को चौंका दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने RTPS मामलों की बारीकी से समीक्षा की और अंचल अधिकारी को लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। डीएम ने दो टूक कहा कि आम लोगों के काम में अनावश्यक देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रखंड कार्यालय में निरीक्षण के दौरान डीएम ने कर्मियों से सीधे संवाद कर उनके दायित्व और कार्य प्रगति की जानकारी ली। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे पड़े आवासों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को सभी लंबित आवासों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जिला श्रम कार्यालय और मद्य निषेध एवं उत्पाद कार्यालय का भी निरीक्षण कर कार्य व्यवस्था का जायजा लिया गया।

योजनाओं की वास्तविक स्थिति समझने के लिए डीएम ने सरसौला मठ पोखर और मनरेगा पार्क का भी निरीक्षण किया। मठ परिसर में जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत स्थित कुंए की साफ-सफाई को लेकर मुखिया और पंचायत सचिव को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके अलावा डुमरी कटसरी प्रखंड के श्यामपुर पंचायत अंतर्गत भटहाँ गांव में डीएम ने उच्च विद्यालय, जीविका केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन जीविका केंद्र के बचे हुए कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और परिसर में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अविनाश कुणाल, डीपीआरओ अनुराग कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। डीएम प्रतिभा रानी के इस सक्रिय और सख्त रुख से यह साफ संकेत मिल रहा है कि शिवहर में अब प्रशासनिक सुस्ती पर विराम लगेगा और सरकारी योजनाएं कागज से निकलकर जमीन पर असर दिखाएंगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *