:
Breaking News

नालंदा में भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत, तीन की हालत गंभीर

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नालंदा। जिले के चंडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मेहंदी बिगहा मोड़ के पास हुए इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान उतरा गांव निवासी गोरेलाल पासवान के 25 वर्षीय पुत्र कौशल कुमार और मदन तांती के 23 वर्षीय पुत्र विष्णु कुमार के रूप में की गई है। हादसे में घायल हुए युवकों में रौशन कुमार, केवई गांव के सुक्खू कुमार और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार एक घायल की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांच युवक दो बाइकों पर सवार होकर उतरा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइक चालकों के बीच आगे निकलने की होड़ लग गई। ओवरटेक करने के प्रयास में दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं और सभी युवक सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नूरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही बिहारशरीफ सदर डीएसपी संजय कुमार जायसवाल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।

डीएसपी संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *