:
Breaking News

कटिहार में प्रशासनिक उदासीनता का दर्दनाक दृश्य, डीएम के सामने फूट-फूटकर रोया युवक

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में  प्रशासनिक तंत्र की संवेदनहीनता का एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया, जब अंचल कार्यालय से निराश एक युवक जिलाधिकारी के पैरों में गिरकर रोने लगा। युवक ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएगा। इस घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को भी स्तब्ध कर दिया।

फरियादी की पहचान पकड़िया निवासी सत्यम उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है। युवक का आरोप है कि वह लंबे समय से जमीनी विवाद को लेकर अंचल कार्यालय के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। भावुक हालत में युवक ने डीएम से कहा कि “सर, हम मर जाएंगे… अगर इंसाफ नहीं मिला तो जान दे देंगे।”

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल हस्तक्षेप किया और एडीएम विनोद कुमार को पूरे प्रकरण की जांच का निर्देश दिया। डीएम ने युवक को भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या के समाधान की दिशा में जल्द कार्रवाई की जाएगी, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि जब तक जमीन से संबंधित टाइटल वाद लंबित है, तब तक अंचल स्तर पर कोई अंतिम कार्रवाई संभव नहीं है।

युवक छोटू सिंह का कहना है कि करीब आठ महीने पहले डीसीएलआर न्यायालय से उसके पक्ष में आदेश आ चुका है, इसके बावजूद अंचल कार्यालय में उसकी फरियाद को नजरअंदाज किया जा रहा है। उसने आरोप लगाया कि अंचल कर्मियों ने न सिर्फ उसकी बात नहीं सुनी, बल्कि उसे कार्यालय से धक्का देकर भगा दिया गया। सीओ से शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

घटना के दौरान डीएम कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। हालात को संभालते हुए डीएम के सुरक्षा कर्मियों ने युवक को शांत कराया और वहां से हटाया। डीएम ने दो टूक कहा कि कानून के दायरे में रहकर ही समाधान संभव है और टाइटल वाद रहते किसी जमीन पर दखल दिलाना अंचल के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।

इस घटना के बाद अंचल और प्रखंड कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बनी रही। यह मामला एक बार फिर राजस्व कार्यालयों में फरियादियों की सुनवाई और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जहां न्याय की आस लेकर पहुंचे लोग टूटते भरोसे के साथ दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *