:
Breaking News

पटोरी थाना क्षेत्र में युवक का शव मिलने से हड़कंप, पास में मिली क्षतिग्रस्त बाइक

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद | समस्तीपुर

समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सीताहीया चौड़ में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। शव के समीप ही उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त अवस्था में बरामद की गई, जिससे घटना को लेकर इलाके में तरह–तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

मृतक की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के डुमरी उतरी पंचायत निवासी संजय राय के पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार विपिन रविवार को हलई थाना क्षेत्र के बांगर गांव में अपने बहनोई के साथ हुई सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर कौआ चौक गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका था।

सोमवार सुबह करीब 11 बजे सीताहीया चौड़ के पास शव देखे जाने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। भीड़ में मौजूद लोगों ने शव की पहचान की, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही पटोरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, दुर्घटना समेत अन्य सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल व्याप्त है। पुलिस का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *