:
Breaking News

नवादा मॉब लिंचिंग के विरोध में समस्तीपुर में भाकपा माले का जोरदार प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद | समस्तीपुर

नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत भट्टा गांव में 5 दिसंबर 2025 को मुस्लिम कपड़ा फेरीवाले मोहम्मद अतहर हुसैन की निर्मम मॉब लिंचिंग और गरीबों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में भाकपा माले ने मंगलवार को समस्तीपुर में प्रतिवाद मार्च निकालकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।

भाकपा माले के सैकड़ों कार्यकर्ता शहर के मालगोदाम चौक पर एकत्र हुए, जहां से झंडा-बैनर और मांगों से लिखी तख्तियों के साथ नारेबाजी करते हुए प्रतिवाद मार्च निकाला गया। मार्च बाजार क्षेत्र से गुजरते हुए स्टेशन चौराहा पहुंचा, जहां यह एक जनसभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता कर रहे भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य जीबछ पासवान ने कहा कि नवादा की घटना बिहार में कानून के राज के दावों की पोल खोलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार सांप्रदायिक माहौल बनाया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप मॉब हिंसा और बुलडोजर कार्रवाई जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि यदि बिहार में ‘योगी मॉडल’ लागू करने की कोशिश की गई, तो यह सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए घातक साबित होगा, जिसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।

भाकपा माले नेताओं ने आरोप लगाया कि मोहम्मद अतहर हुसैन को केवल उनकी पहचान के संदेह में भीड़ ने घेरकर अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया। उन्हें बेरहमी से पीटा गया, गंभीर यातनाएं दी गईं और अधमरी हालत में छोड़ दिया गया। बाद में पीड़ित पर ही चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया गया। इलाज के दौरान 12 दिसंबर 2025 को उनकी मौत हो गई। वक्ताओं ने इस पूरे मामले के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया।

सभा के माध्यम से मांग की गई कि इस जघन्य हत्या में शामिल सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, न्याय और उचित मुआवजा दिया जाए, मृतक पर दर्ज झूठे मुकदमे को रद्द किया जाए तथा लापरवाह पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो। साथ ही राज्य में भीड़तंत्र और बुलडोजर कार्रवाई पर अविलंब रोक लगाने की मांग उठाई गई।

इस विरोध प्रदर्शन में जिला कमिटी सदस्य अमित कुमार, दिनेश कुमार, महावीर पोद्दार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अनिल चौधरी, जयंत कुमार, उपेंद्र राय, रामचंद्र पासवान, राज कुमार चौधरी, सुनील कुमार, गंगा प्रसाद पासवान समेत दीपक यदुवंशी, रोहित कुमार, शमीम मंसूरी, एजाज अली, मो. फरहान, आरती सहनी, कुंदन राम, राम प्रसाद सहित भाकपा माले और इंसाफ मंच के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *