:
Breaking News

जल-जीवन-हरियाली क्विज में खुशी खातून प्रथम, 14 छात्र-छात्राएं जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

छात्र-छात्राओं में जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित जल-जीवन-हरियाली मिशन के तहत मंगलवार को बड़हिया और पिपरिया प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन, लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

बड़हिया प्रखंड में प्रतियोगिता का आयोजन लोहिया चौक स्थित उच्च विद्यालय, बड़हिया परिसर में किया गया, जहां प्रखंड के 14 उच्च विद्यालयों से कुल 66 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नोडल शिक्षक श्री पीयूष कुमार झा और प्रभारी प्रधानाध्यापिका डॉ. किरण कुमारी की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में जल-जीवन-हरियाली एवं पर्यावरण से जुड़े 25 वस्तुनिष्ठ प्रश्न ओएमआर शीट के माध्यम से पूछे गए।

प्रतियोगिता के परिणाम में उच्च विद्यालय, बड़हिया की छात्रा खुशी खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर उच्च माध्यमिक विद्यालय, प्रतापपुर के सृजन श्री और श्री राम जानकी रामधन सिंह प्लस टू कन्या उच्च विद्यालय की सुहानी कुमारी रहीं, जबकि इसी विद्यालय की पीहू कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। बड़हिया प्रखंड से कुल नौ छात्र-छात्राओं का चयन आगामी जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

इसी दिन पिपरिया प्रखंड में मेघराय मिश्री प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय, वलीपुर में भी क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री मुकेश कुमार और नोडल शिक्षक श्री पीयूष कुमार झा की निगरानी में यहां 25 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर वलीपुर उच्च विद्यालय के नितिन कुमार, हर्ष नयन, अरमान आनंद झा, कोमल कुमारी तथा उच्च विद्यालय रामचन्द्रपुर की राधा रानी का चयन जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

इस तरह बड़हिया और पिपरिया प्रखंडों से कुल 91 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिनमें से 14 विद्यार्थियों को जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित और निष्पक्ष आयोजन से छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा गया। शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *