:
Breaking News

दिसंबर राउंड–2025 पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 5 दिन तक चलेगा घर-घर टीकाकरण

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पोलियो उन्मूलन की दिशा में एक बार फिर बड़ा कदम उठाते हुए मंगलवार को सदर अस्पताल, लखीसराय में अनुराष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (दिसंबर राउंड–2025) का विधिवत शुभारंभ किया गया। भारत सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि पोलियो से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों, पदाधिकारियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि लक्ष्य यही है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। इसके लिए घर-घर जाकर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

यह अभियान 16 दिसंबर से 20 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी प्रखंडों में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,80,786 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले के 1,96,008 घरों को कवर किया जाएगा।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। कुल 422 घर-घर टीमें, 84 ट्रांजिट टीमें, 19 मोबाइल टीमें और 11 एकल सदस्यीय दल लगाए गए हैं। इस प्रकार कुल 536 टीमें अभियान में सक्रिय रहेंगी, जिनकी निगरानी के लिए 156 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है।

बड़हिया, चानन, हलसी, लखीसराय शहरी एवं ग्रामीण, पिपरिया, रामगढ़ चौक और सूर्यगढ़ा प्रखंडों में विशेष व्यवस्था की गई है। अधिक आबादी और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त टीमें लगाई गई हैं। वहीं बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ट्रांजिट टीमों की तैनाती की गई है।

जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूती मिल सके।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *