:
Breaking News

बिहार के 38 जिलों में कड़ाके की ठंड का कहर, पटना समेत कई इलाकों में हाल बेहाल, अगले 72 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार में शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बर्फीली पछुआ हवाओं और घने कोहरे के कारण प्रदेश के सभी 38 जिले कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। कई इलाकों में दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है। गिरते तापमान और सर्द हवाओं के कारण लोग दिनभर ठिठुरते नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 72 घंटे बिहार के लिए बेहद कठिन रहने वाले हैं। इस दौरान ठंड और बढ़ेगी तथा तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा और लखीसराय के कुछ इलाकों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में सुबह और रात के समय हालात ज्यादा गंभीर बने रह सकते हैं।
10 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान
प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। शुक्रवार को गयाजी, जहानाबाद और वाल्मीकिनगर में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। वहीं सबौर में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजधानी पटना भी राज्य के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल रहा।
ठंड का असर स्कूलों पर
तेज ठंड और कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कई जिलों में स्कूल बंद करने का निर्णय लिया है।
पटना में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 30 दिसंबर तक बंद रहेंगे।
नालंदा में जिला प्रशासन ने कक्षा 10 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश दिया है।
हालांकि, प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए संचालित विशेष कक्षाओं को इस आदेश से छूट दी गई है, बशर्ते ठंड से बचाव के सभी उपाय किए जाएं।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
ठंड को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। डॉक्टरों के अनुसार:
बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें और पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें।
दोपहिया वाहन चलाते समय टोपी, जैकेट और जूते का इस्तेमाल जरूर करें।
गुनगुने पानी का सेवन करें।
ब्लोअर या रूम हीटर का अत्यधिक इस्तेमाल न करें और हीटर बंद करने के तुरंत बाद ठंडी जगह पर न जाएं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 दिसंबर के बाद ही ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। तब तक लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *