:
Breaking News

दिल्ली में पति ने पत्नी और तीन बेटियों की गला रेतकर हत्या, आरोपी मोकिमपुर बाढ़ का निवासी फरार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बाढ़/मोकिमपुर: दिल्ली के समयपुर बादली में पत्नी और तीन बेटियों की गला रेतकर हत्या करने के मामले ने मोकिमपुर गांव में मातम का माहौल पैदा कर दिया है। आरोपी मुनचुन केवट इसी गांव का निवासी है और पिछले करीब दस वर्षों से दिल्ली में रहकर मजदूरी कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में उसके वृद्ध माता-पिता गहरे सदमे में हैं और परिजन चुप्पी साधे हुए हैं।
परिवार के अनुसार मुनचुन साल-दो बार ही गांव आता था। पिछली बार वह अप्रैल महीने में पूरे परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल हुआ था। मुनचुन के चार भाई दिल्ली में अलग-अलग रहते हैं और आजादपुर सब्जी मंडी में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना सुबह करीब छह बजे मिली, जिसके बाद परिजनों ने दिल्ली में रहने वाले भाइयों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कई नंबर स्विच ऑफ मिले।
मुनचुन का ससुराल बदरबाली गांव में है। हत्या की खबर फैलते ही ससुराल पक्ष के कुछ लोग मोकिमपुर पहुंचे और दोनों परिवारों के बीच कहासुनी और तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई। बाद में ग्रामीणों और पुलिस की मध्यस्थता से माहौल शांत कराया गया और मामला बाढ़ थाना तक पहुंचा।
आरोपी की बहन ने बताया कि उन्हें भी अचानक यह सूचना मिली और परिवार को किसी गंभीर विवाद की जानकारी नहीं थी। परिजन कह रहे हैं कि हत्या मुनचुन ने की या किसी ने साजिश के तहत उसे फंसाया, यह जांच का विषय है। फिलहाल पूरे गांव में शोक और अनिश्चितता का माहौल है और सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं।
पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने कहा कि घटना ने गांव में भय और चुप्पी का माहौल बना दिया है, जबकि प्रशासन मामले की गंभीरता से निपट रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *