:
Breaking News

पटना में ट्रैफिक चालान में नई व्यवस्था: अब दिन में एक ही बार कटेगा जुर्माना

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। शहर के वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पटना ट्रैफिक पुलिस और जिला परिवहन कार्यालय (DTO) ने चालान प्रणाली में नया बदलाव लागू किया है। अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर किसी वाहन का चालान पूरे दिन में केवल एक ही बार कटेगा। यह बदलाव उन हजारों वाहन चालकों के लिए राहत भरा है, जो पहले एक ही गलती के लिए दिनभर अलग-अलग जगहों पर बार-बार जुर्माना भरने को मजबूर थे।
दिनभर कई बार चालान कटने की शिकायत खत्म
पहले अक्सर देखा जाता था कि हेलमेट न पहनने या सीट बेल्ट न लगाने जैसी छोटी गलती पर एक ही वाहन का चालान दिनभर में चार-पांच बार कट जाता था। उदाहरण के लिए, सुबह डाकबंगला चौराहे पर चालान कटता और दोपहर में बोरिंग रोड पर। नई प्रणाली में ट्रैफिक पुलिस की चालान मशीनों और डिजिटल सिस्टम को हाई-टेक तरीके से अपडेट किया गया है।
अब जैसे ही पुलिसकर्मी वाहन नंबर दर्ज करेगा, सिस्टम तुरंत अलर्ट देगा कि यह वाहन आज पहले ही चालान कट चुका है। यह सुविधा केवल मैनुअल मशीनों में ही नहीं, बल्कि मोबाइल ऐप से फोटो खींचकर चालान काटने वाली प्रणाली में भी लागू है।
तकनीकी खराबी पर राहत का प्रावधान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी तकनीकी खराबी के कारण किसी वाहन का दोबारा चालान कट जाता है, तो वाहन चालक घबराएं नहीं। वे अपनी पुरानी चालान रसीद दिखाकर सीधे ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय या DTO से गलत चालान रद्द करवा सकते हैं।
डिजिटल और मोबाइल चालान में भी स्मार्ट अपडेट
नई व्यवस्था मोबाइल से फोटो लेकर चालान करने पर भी लागू है। यदि किसी वाहन की फोटो लेकर चालान प्रक्रिया शुरू होती है, तो सिस्टम तुरंत जांच करेगा कि कुछ घंटे पहले उसी गाड़ी का चालान हुआ है या नहीं। इससे डिजिटल चालान में होने वाली गड़बड़ियों को रोकने में मदद मिलेगी।
प्रशासन की उम्मीद
DTO के अनुसार, पटना शहरी क्षेत्र में रोजाना औसतन 50 से 60 चालान कटते हैं, जिनमें से 10-12 मामले ऐसे होते थे, जिनमें एक ही व्यक्ति का दिन में कई बार चालान हो जाता था। नई प्रणाली लागू होने के बाद इन शिकायतों में कमी आने की उम्मीद है।
यह कदम ट्रैफिक नियमों का पालन बढ़ाने और चालान प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब वाहन चालक बिना डर के नियमों का पालन कर सकेंगे और अनावश्यक जुर्माने से बच सकेंगे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *