:
Breaking News

आशियाना सेक्टर एल में सनसनी: नशे में बेटे ने की कारोबारी पिता मानवेंद्र सिंह की हत्या, जांच में चौंकाने वाले खुलासे

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखनऊ के आशियाना सेक्टर एल में पैथोलॉजी संचालक और शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की पारिवारिक और मानसिक परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की रात पिता और पुत्र दोनों नशे की हालत में थे, जिससे मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा।
पूछताछ में आरोपी बेटे अक्षत सिंह ने बताया कि वारदात से पहले वह खुद शराब पी चुका था, जबकि उसके पिता भी एक कार्यक्रम से लौटने के बाद नशे में थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नशे की हालत में पिता ने बेटे को कड़ी फटकार लगाई, जिससे गुस्से में आकर अक्षत ने लाइसेंसी राइफल उठाई और सिर में गोली मार दी।
जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने शव के अंग काटकर अलग-अलग जगह फेंके, धड़ को ड्रम में छिपाया और खुद ही पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी, ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, औजार और अन्य अहम सबूत बरामद कर लिए हैं।
इस बीच मामले का भावनात्मक पहलू भी सामने आया है। जेल भेजे जाने से पहले अक्षत ने अपनी छोटी बहन कृति सिंह से मिलने की इच्छा जताई। बहन को सामने देखकर वह फूट-फूटकर रो पड़ा और उसके इलाज व खर्च की चिंता जताई। उसने बहन को बैंक खाते में मौजूद पैसों और घर में रखी नकदी की जानकारी भी दी, ताकि उसे आर्थिक परेशानी न हो।
जेल सूत्रों के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद मानसिक रूप से बेहद विचलित है। वह कई रातों तक सो नहीं सका, रोता रहा और अपनी करतूत पर पछतावा भी जताया। उसकी काउंसिलिंग कराई जा रही है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक दबाव और करियर को लेकर तनाव भी हत्या की पृष्ठभूमि में सामने आया है। बताया गया कि पिता बेटे पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी को लेकर लगातार दबाव बना रहे थे, जिससे दोनों के रिश्तों में लंबे समय से तनाव था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना पारिवारिक तनाव, नशे और गुस्से के खतरनाक मिश्रण का दुखद उदाहरण बनकर सामने आई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *