:
Breaking News

पटना में बर्ड फ्लू की पुष्टि, संजय गांधी जैविक उद्यान पर्यटकों के लिए बंद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: बिहार की राजधानी में एवियन इन्फ्लुएंजा (H5N1) यानी बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बिहार पशु विश्वविद्यालय के पॉल्ट्री अनुसंधान केंद्र के नमूनों में वायरस की पुष्टि होने के तुरंत बाद राजधानी के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल संजय गांधी जैविक उद्यान (Patna Zoo) को आम जनता और मॉर्निंग वॉकरों के लिए तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, चिड़ियाघर का एक हिस्सा बर्ड फ्लू के 'एपिसेंटर' से मात्र 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसलिए प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से 7 मार्च 2026 तक चिड़ियाघर के सभी प्रवेश मार्गों को पूरी तरह बंद करने का निर्देश जारी किया है।
पशुपालन विभाग और जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) का गठन किया है। टीम ने अब तक 4,575 कुक्कुटों का शमन, 9,662 अंडों का नष्टिकरण और 530 किलोग्राम मुर्गी दाना नष्ट किया है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में व्यापक डिसइन्फेक्शन और जैव सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।
पटना के पी.सी. कॉलोनी, जे-सेक्टर (पश्चिम) पार्क, कंकड़बाग, पटना हाईकोर्ट परिसर, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पॉल्ट्री अनुसंधान केंद्र और चितकोहरा में भी संदिग्ध बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं। इन क्षेत्रों में कौओं और अन्य पालतू पक्षियों की अस्वाभाविक मौत के बाद नमूने जांच के लिए भेजे गए थे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें, मृत पक्षियों की तुरंत सूचना पशुपालन विभाग को दें और जैव सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि सभी SOP और सुरक्षा मानकों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और सार्वजनिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
संजय गांधी जैविक उद्यान में आने की योजना बनाने वाले पर्यटकों और मॉर्निंग वॉकरों को फिलहाल योजना स्थगित करने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने चेताया कि अगले आदेश तक उद्यान में किसी का प्रवेश सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा।
बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद राजधानी में स्वास्थ्य और जैव सुरक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए प्रशासन सतर्क है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *