:
Breaking News

मनेर में कृषि मंत्री के समधियाने पर हमला, फायरिंग-तलवारबाजी में 3 घायल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना के मनेर में बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर देर रात हमला हुआ। फायरिंग, तलवारबाजी और मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।

पटना आलम की खबर।पटना: बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। हमलावरों ने इलाके में अंधाधुंध फायरिंग की, तलवारें चलाईं और लाठी-डंडों से हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।

बताया जा रहा है कि यह हमला व्यापुर पूर्वी गली में हुआ, जहां मंत्री के समधी राजेंद्र सिंह का परिवार रहता है। देर रात अचानक कुछ लोग वहां पहुंचे और देखते ही देखते हमला शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हमले के दौरान धारदार हथियार और डंडों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोग जख्मी हो गए।

घटना में घायल लोगों की पहचान पप्पू, मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू के रूप में हुई है। इनमें दो घायलों को गंभीर हालत में पटना के एम्स में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य घायल का इलाज दानापुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। परिजनों का कहना है कि हमला अचानक नहीं हुआ, बल्कि इसके पीछे पुराना विवाद और पहले से चली आ रही रंजिश को वजह माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: बिहार में जहरीली शराब से 6 मौतें, थानाध्यक्ष सस्पेंड, 8 गिरफ्तार

परिवार की ओर से कुछ नामजद लोगों पर आरोप लगाया गया है। कहा जा रहा है कि कई हमलावर मिलकर पहुंचे थे और सुनियोजित तरीके से पूरे वारदात को अंजाम दिया गया। इस हमले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग खुलेआम हंगामा और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से कई खोखे और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *