:
Breaking News

बेगूसराय में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी में जा रहे तीन दोस्तों की बाइक गड्ढे में गिरी, दो की मौत, एक ने बचाई जान

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र में शादी समारोह में जा रहे तीन दोस्तों की बाइक पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गई, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक किसी तरह बच गया। हादसे के बाद एनएच-31 जाम कर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।

बेगूसराय/आलम की खबर:बेगूसराय जिले के लाखो थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अयोध्याबाड़ी रेलवे गुमटी नंबर-45 के पास पानी से भरे गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतकों की पहचान शांतिनगर सूजा गांव निवासी बमबम कुमार तांती और रोशन कुमार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र कम थी और वे अपने दोस्त के साथ एक शादी में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर खातोपुर चौक की ओर जा रहे थे। रास्ते में अयोध्याबाड़ी रेलवे गुमटी के पास सड़क किनारे लंबे समय से पानी भरा हुआ एक गहरा गड्ढा था, जिसमें कोई सुरक्षा घेरा या चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया था। बताया जा रहा है कि जैसे ही बाइक वहां पहुंची, सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी से चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे उस गहरे गड्ढे में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक पर सवार तीनों युवक एक-दूसरे से जुड़े हुए थे और बमबम कुमार और रोशन कुमार ने अपने गमछे से कमर बांध रखी थी, ताकि सफर में संतुलन बना रहे, लेकिन यही उनकी मौत की वजह बन गया। गहरे पानी में गिरते ही दोनों युवक फंस गए और बाहर नहीं निकल सके, जबकि पीछे बैठा तीसरा युवक किसी तरह एक पेड़ की डाल पकड़कर ऊपर चढ़ गया और अपनी जान बचाने में सफल रहा। उसी ने गांव जाकर हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

घटना के बाद रात के अंधेरे में ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन गहरे पानी और अंधेरे के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सुबह होते ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों के शव पानी से बरामद किए गए। शव मिलने के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एनएच-31 को खातोपुर चौक के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लापरवाही का आरोप लगाया। जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

ग्रामीणों का कहना था कि यह गड्ढा लंबे समय से खुला पड़ा हुआ था और उसमें लगातार पानी जमा रहता है, जिससे यह खतरनाक बन चुका है। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसका नतीजा यह दर्दनाक हादसा सामने आया है। लोगों का यह भी आरोप है कि इसी स्थान पर पहले भी कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। लाखो थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और सरकारी मुआवजे एवं गड्ढे को भरने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सड़क पर यह खतरनाक गड्ढा लंबे समय से क्यों नहीं भरा गया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *