:
Breaking News

मुजफ्फरपुर में होटल पर देर रात पुलिस रेड: शराब पार्टी करते 10 लोग पकड़े गए, होटल प्रबंधन भी जांच के घेरे में

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर में पुलिस ने देर रात होटल में छापेमारी कर शराब पार्टी करते 10 लोगों को हिरासत में लिया। मौके से शराब बरामद हुई है और होटल प्रबंधन से भी पूछताछ जारी है।

मुजफ्फरपुर/आलम की खबर:बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच मुजफ्फरपुर से एक बार फिर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में देर रात चल रही कथित शराब पार्टी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस की छापेमारी में होटल के अलग-अलग कमरों से युवक-युवती समेत कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके से शराब की कई बोतलें भी बरामद हुई हैं। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर बिहार में शराबबंदी कानून की प्रभावशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शहरभर में विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अघोरिया बाजार स्थित एक होटल में शराब पार्टी आयोजित की गई है। सूचना मिलते ही काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने देर रात होटल में अचानक छापेमारी की। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे पुलिस टीम होटल पहुंची और बिना किसी पूर्व सूचना के कमरों की जांच शुरू कर दी।

तलाशी के दौरान कई कमरों में युवक कथित रूप से शराब का सेवन करते पाए गए। पुलिस ने तत्काल सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पकड़े गए लोगों में नौ युवक और एक युवती शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, होटल के एक कमरे से पटना निवासी एक युवती और लालगंज क्षेत्र के एक युवक को साथ पाया गया। पूछताछ में दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया, लेकिन पुलिस अब उनके दावों की सत्यता की जांच कर रही है। दोनों के पहचान पत्र और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

इसके अलावा होटल के अन्य कमरों से भी कई संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया है। कुछ युवक मुजफ्फरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ अन्य दूसरे जिलों से आए थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब होटल तक कैसे पहुंची और इस पूरी पार्टी की योजना किसने बनाई थी।

छापेमारी के दौरान होटल के मैनेजर को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि आखिर होटल परिसर में शराब पार्टी कैसे चल रही थी और क्या होटल प्रबंधन को इसकी जानकारी थी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं होटल प्रबंधन की मिलीभगत से अवैध गतिविधियां तो संचालित नहीं की जा रही थीं।

सूत्रों के मुताबिक जिस होटल में यह कार्रवाई हुई है, वह पहले भी विवादों में रह चुका है। कुछ समय पहले इसी होटल पर कथित अवैध गतिविधियों और सेक्स रैकेट संचालन के आरोप लगे थे। उस समय प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील भी किया था। अब एक बार फिर शराब पार्टी का मामला सामने आने के बाद पुलिस पुराने रिकॉर्ड और मामलों को भी खंगाल रही है।

इधर शहर के अन्य इलाकों में भी पुलिस ने देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया। मिठनपुरा, बेला, नगर, ब्रह्मपुरा, कच्ची-पक्की, सदर और सिकंदरपुर थाना क्षेत्रों के कई होटल और लॉजों में जांच की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

मामले को लेकर मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस लगातार शहर में अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में होटलों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि मौके से शराब बरामद हुई है और पकड़े गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह घटना एक बार फिर बिहार में शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन को लेकर बहस का विषय बन गई है। राज्य में शराबबंदी लागू होने के बावजूद लगातार शराब बरामदगी और पार्टी जैसे मामलों के सामने आने से सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *