:
Breaking News

कुम्हारार में कायस्थ समीकरण गरमाया, बीजेपी के लिए चुनौती बने प्रो. के.सी. सिन्हा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले पटना का कुम्हारार विधानसभा क्षेत्र सियासत के केंद्र में है। यह सीट इस बार सिर्फ दलों की ताकत नहीं, बल्कि कायस्थ वोट बैंक की नब्ज़ पर टिकी दिख रही है।बीजेपी ने पांच बार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा का टिकट काटकर संजय कुमार गुप्ता को मैदान में उतारा है। लेकिन पार्टी का यह दांव उल्टा भी पड़ सकता है, क्योंकि कायस्थ समाज में नाराज़गी साफ झलक रही है। यही मौका जन सुराज पार्टी ने भांप लिया है और प्रो. के.सी. सिन्हा को उम्मीदवार बनाकर बीजेपी के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगा दी है।

कायस्थ वोट पर जंग

करीब एक लाख कायस्थ मतदाताओं वाले कुम्हारार में यह समुदाय चुनाव का असली निर्णायक बन चुका है। हमेशा बीजेपी का मज़बूत किला रहे इस वर्ग में इस बार असंतोष है। कायस्थ महासभा खुले तौर पर प्रो. सिन्हा के समर्थन में उतर आई है। सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थन की मुहिम तेज है।

“मेरे छात्र हर जाति–धर्म में हैं”

प्रो. के.सी. सिन्हा, जो बिहार के जाने-माने गणितज्ञ और शिक्षाविद हैं, जातीय राजनीति से दूरी बनाए रखने की बात कर रहे हैं। उनका कहना है,मेरे छात्र हर धर्म और जाति में हैं, वही मेरी असली ताकत हैं। मैं सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखता हूं।उनकी सादगी, साफ छवि और शैक्षणिक पहचान ने शहरी मतदाताओं में भी असर छोड़ा है। जन सुराज की पकड़ पिछले तीन वर्षों में बढ़ी है, जिससे प्रो. सिन्हा को संगठनात्मक मजबूती भी मिल रही है।

कांग्रेस की उम्मीद, बीजेपी की मुश्किल

कांग्रेस के इंद्रदीप चंद्रवंशी भी मैदान में हैं, पर असली जंग बीजेपी और जन सुराज के बीच सिमट गई है। बीजेपी अब अपने कायस्थ नेताओं को मैदान में उतारकर डैमेज कंट्रोल में जुटी है।

आख़िरी मोड़ पर बड़ा सवाल

अब सबकी निगाह उस कायस्थ वोटर पर है जो अक्सर चुनाव के दिन ड्रॉइंग रूम में बैठकर टीवी देखना पसंद करता है। अगर इस बार वह घर से बाहर निकलकर वोट डालने निकला, तो नतीजे बदल सकते हैं—और कुम्हारार से एक नया राजनीतिक गणित बन सकता है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *