:
Breaking News

गौरा बौराम से वीआईपी ने प्रत्याशी हटाया, मुकेश सहनी ने अफजल अली खान के समर्थन से महागठबंधन को दिया बड़ा संबल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के समीकरण को मज़बूती देने के लिए विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने मंगलवार को बड़ा राजनीतिक फैसला लिया। पार्टी ने गौरा बौराम विधानसभा सीट से अपने उम्मीदवार संतोष सहनी का नाम वापस लेकर राजद प्रत्याशी मोहम्मद अफजल अली खान के समर्थन की घोषणा की।

दरभंगा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीआईपी संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि यह निर्णय “सत्ता की नहीं, बल्कि एकता की लड़ाई” को मज़बूत करने के लिए लिया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में इस सीट से वीआईपी और राजद दोनों दलों के प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन दोनों के लड़ने से एनडीए को लाभ मिल सकता था।

सहनी ने कहा —

> “हमारा उद्देश्य किसी एक सीट को जीतना नहीं, बल्कि महागठबंधन की सरकार बनाना है। अफजल अली खान हमारे साथी हैं, और महागठबंधन की मजबूती के लिए हमने यह निर्णय लिया है।”

उन्होंने वीआईपी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरे दमखम के साथ राजद उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करें ताकि “सामाजिक न्याय की लड़ाई और मजबूत होकर आगे बढ़े।”

सहनी ने कहा कि महागठबंधन का हर साथी इस चुनाव में “एक दूसरे का कंधा बनकर” काम करे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जिन इलाकों में ऐसी स्थिति बनेगी, वहां भी वीआईपी गठबंधन धर्म निभाएगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वीआईपी प्रत्याशी के पीछे हटने से गौरा बौराम में महागठबंधन का वोट बैंक और सुदृढ़ हुआ है। अब मुकाबला सीधे राजद और एनडीए के बीच सिमट गया है।

बता दें कि दरभंगा जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होना है। अब देखना यह होगा कि मुकेश सहनी की यह रणनीतिक चाल महागठबंधन के लिए कितना फायदेमंद साबित होती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *