:
Breaking News

तकनीकी खामी के चलते एयर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली लौटी, सभी यात्री सुरक्षित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नई दिल्ली: एयर इंडिया की एक और उड़ान को तकनीकी कारणों से बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा है। सोमवार सुबह दिल्ली से मुंबई जा रही फ्लाइट AI-887 को उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद एहतियातन दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री या क्रू मेंबर घायल नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, टेक-ऑफ के तुरंत बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई। स्थिति को भांपते हुए पायलट और क्रू ने मानक सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए विमान को वापस दिल्ली लाने का निर्णय लिया। दो इंजन वाले विमान एक इंजन के सहारे भी सुरक्षित लैंडिंग करने में सक्षम होते हैं, इसी कारण विमान VT-ALS को बिना किसी जोखिम के उतार लिया गया।
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने सुबह करीब 6:10 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और लगभग 6:52 बजे दोबारा दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कर गया। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने पर क्रू ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत दिल्ली लौटने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए एयरलाइन को खेद है। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।
एयर इंडिया की ग्राउंड टीम ने दिल्ली में यात्रियों की मदद शुरू कर दी है और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।
गौरतलब है कि बीते महीनों में विमान सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। जून 2025 में अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट 171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद एयरलाइंस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। इसके बावजूद हाल के दिनों में एयर इंडिया की उड़ानों में तकनीकी कारणों से इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं चर्चा में रही हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *