Breaking News
क्रिसमस–न्यू ईयर के जश्न में डूबा पटना, चर्चों से लेकर इको पार्क तक रौनक और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
2026 में ऐपल का मेगा प्लान: 50वें साल में आएंगे 20+ नए प्रोडक्ट, फोल्डेबल iPhone से Apple Glasses तक
बिहार में ठंड का सितम जारी, पछुआ हवा और कोहरे ने बढ़ाई कंपकंपी
- Reporter 12
- 23 Dec, 2025
पटना।बिहार में सर्दी का असर लगातार गहराता जा रहा है। पछुआ हवा और घने कोहरे की वजह से सोमवार को भी राज्य के अधिकांश जिलों में ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया। कई इलाकों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जिससे दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले 48 घंटों में ठंड और तेज हो सकती है। न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की और गिरावट का अनुमान है। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह और देर रात ठंड का असर पहले से ज्यादा महसूस किया जाएगा।
सोमवार को दक्षिण बिहार के कई शहरों में चार-पांच दिन बाद सूरज के दर्शन जरूर हुए, मगर लगातार चल रही ठंडी पछुआ हवाओं ने लोगों को पूरी तरह राहत नहीं लेने दी। राज्य में सबसे ठंडा स्थान नालंदा जिले का राजगीर रहा, जहां पारा गिरकर 6.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गया में भी ठंड ने जोर दिखाया और सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने के कारण सड़क व रेल यातायात प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण बिहार के कई जिलों में भी ठंड का असर बना रह सकता है। अगले दो दिनों तक सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
फिलहाल प्रदेश में न्यूनतम तापमान 6.6 से 12.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
ठंड और कोहरे की वजह से सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और रोज कमाकर खाने वाले मजदूरों को हो रही है। कई जिलों में अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे गर्म कपड़े पहनें, सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का खास ख्याल रखें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







