:
Breaking News

लखीसराय में होली को लेकर अलर्ट प्रशासन: शांति समिति बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक व अवैध शराब पर सख्त निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय: होली पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी कड़ी में शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जिसके बाद पूर्व वर्षों के अनुभवों, पर्व के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि होली सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए सभी नागरिक आपसी सहयोग से इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
बैठक में यह तथ्य सामने आया कि होली के अवसर पर बड़ी संख्या में बाहर रह रहे लोग जिले में लौटते हैं, जिससे बाजारों और प्रमुख सड़कों पर भीड़ बढ़ जाती है। इस पर जिला पदाधिकारी ने परिवहन एवं यातायात विभाग को आपसी समन्वय के साथ मजबूत ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश सभी थाना प्रभारियों, अंचल पदाधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया। नियमित गश्ती, माइक सिस्टम से लैस पेट्रोलिंग वाहन और फर्स्ट ऐड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
अग्निशमन विभाग को पर्व के दौरान सभी संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखने और अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाने तथा रेल पुलिस और आरपीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान निरंतर गश्ती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई और साइबर मॉनिटरिंग को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में “ज्ञान भारतम्” परियोजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना तथा खेल विभाग की युद्ध खेल क्लब योजना की भी जानकारी साझा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है।
अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपील की कि होली पर्व को मर्यादित और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अव्यवस्था या कानून उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित कई अधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *